मोहाली। अब नगर निगम की ओर से स्थानीय स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का नवीनीकरण करके शहर के युवाओं को अपने फेजों और सेक्टरों में बेेहतर खेल सुविधाएं मिल पाएंगी। इसके लिए उन्हें भारीभरकम फीस नहीं भरनी पड़ेगी। नगर निगम ने गमाडा से सभी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स लेने की तैयारी की है। जिसके बाद नगर निगम खुद कोच और अन्य स्टाफ रखेगा। साथ ही स्पोर्ट्स कांप्लेक्स की फीस भी इस तरह तय की जाएगी कि आम लोग आसानी से फीस भर पाएं। इस संबंधी हाउस की बैठक में प्रस्ताव तक पास किया गया है। मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर उनकी ओर से इस दिशा में तैयारी की गई है।
जानकारी के मुताबिक मोहाली एक उभरता हुआ शहर है। लेकिन पहले मोहाली में कोई भी खेल स्टेडियम नहीं था। जिसका खामियाजा बच्चों और उनके परिजनों को भुगतना पड़ता था। उन्हें छोटी से छोटी गेम खेलने के लिए चंडीगढ़ या दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था। 2010-2011 में जब अकाली-भाजपा की सरकार थी, उस समय मोहाली में स्पोर्ट्स स्टेडियम न होने का मामला जोरों से उठा था। लोगों की दलील थी कि मोहाली में बच्चों के लिए खेलने के लिए कोई मैदान या स्पोर्ट्स कांप्लेक्स तक नहीं है। ऐसे में उस समय करीब 7 स्टेडियम बनाने का फैसला लिया था। स्टेडियम इस तरह बनाए गए थे कि हरेक फेज या सेक्टर के लोगों को इनका फायदा मिल पाए, लेकिन जब स्टेडियम तैयार हुए तो गमाडा ने दो स्टेडियम स्पोर्ट्स विभाग को सौंप दिए। जबकि अन्य स्टेडियम निजी ठेकेदारों को, जिनकी फीस 1800 से 2000 रुपये प्रति महीना के बीच थी। ऐसे में कई युवा जो अच्छी प्रतिभा रखते थे, लेकिन फीस भरने में सक्षम नहीं थे, वह या तो चंडीगढ़ या पंजाब के अन्य जिलों में चले गए या खेलना ही छोड़ दिया।
कई बार निगम हाउस की बैठक में उठ चुका मुद्दा
यह मामला कई बार नगर निगम की हाउस की बैठक में उठ चुका है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हालात यह हैं कि कोरोना काल में दो ठेकेदार तो स्पोर्ट्स कांप्लेक्स छोड़कर चले गए हैं। सूत्रों की मानें तो उन्होंने गमाडा को भुगतान नहीं किया है जबकि एक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स पर तो निजी ठेकेदार ने गमाडा के पोस्टर बैनर हटाकर अपना नाम तक चस्पा कर दिया है।
पांच कांप्लेक्स व स्वीमिंग पूल भी आएगा निगम के अधीन
जानकारी के मुुताबिक गमाडा की ओर से बनाए गए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स और स्वीमिंग पूल को नगर निगम की ओर से टेकओवर करने संबंधी प्रस्ताव पास किया गया है। इसमें सेक्टर-59, 61, 65, 69 और 71 का कांप्लेक्स शामिल है। इसके अलावा फेज-6 के स्वीमिंग पूल को भी टेकओवर किया जाएगा। यह प्रस्ताव हाउस की बैठक में पास किया जा चुका है। जल्द ही नवीनीकरण का काम पूरा होने के बाद आगे की प्रक्रिया चलेगी।
पार्कों में नहीं खेल सकते दस साल से अधिक उम्र के बच्चे
शहर के कई बड़े पार्कों में जहां बच्चों के विभिन्न गेम्स खेलने के लिए खास प्ले ग्राउंड स्थापित किए गए हैं। लेकिन इन पार्कों में 10 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए क्रिकेट, फुटबाल या साइक्लिंग आदि पाबंदी लगाई गई है। इतना ही नहीं पार्कों में कुत्तों को लेकर सैर करने पर भी रोक है, क्योंकि नगर निगम की ओर से पार्कों के सौंदर्यीकरण और इनके रखरखाव के लिए फैसला लिया गया है। इस संबंधी लोगों को जागरूक करने के लिए नगर निगम की ओर से स्पेशल जागरूकता बोर्ड तक पार्कों में लगाए गए हैं।