मोहाली। पुलिस से बचने के लिए पंजाबी गायक सिंघा और जग्गी भूमिगत हो गए हैं। फायरिंग में पिस्तौल जग्गी की हो सकती है क्योंकि उसके नाम से लाइसेंस जारी है। फिलहाल मोहाली पुलिस की टीमें दोनों आरोपी गायकों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
मंगलवार को भी पुलिस की दो टीमें दबिश के लिए रवाना हुईं। मोहाली की पॉश सोसाइटी होमलैंड हाइट्स के अपने फ्लैट से फरार होने के बाद से ही सिंघा व जग्गी ने अपने फोन स्विच ऑफ कर लिए थे, तब से दोनों ने अपने मोबाइल फोन व इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं किया है। सूत्रों से पता चला है कि सिंघा व जग्गी शूटिंग से लौट रहे थे। जब सिंघा किसे तों घट्ट आ ... गाने पर दोनों ने आपा खोया और चलती कार से फायरिंग की। इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। यह भी जानकारी मिली है कि दोनों ने यह हरकत गाने को हिट करवाने के लिए की थी।
हटाने से पहले ही वायरल हो गई वीडियो
जब तक सिंघा इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटाते तब तक यह तेजी से वायरल हो गया था। पता चला है कि जग्गी के पास पिस्तौल का लाइसेंस है। पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। सिंघा के पास किसी तरह का लाइसेंसी हथियार होने की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।