मोहाली। वीआईपी शहर की ट्रैफिक पुलिस ने मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख के भाई की इंडेवर कार का चालान काट दिया। उसने कार के शीशों पर प्रशासन की अनुमति बिना ही ब्लैक फिल्म लगा रखी थी। वहीं दूसरी ओर, ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के बाद कार चालक गायक मनकीरत औलख के भाई हरप्रीत ने अपनी गलती मानते हुए मौके पर ही चालान की राशि एक हजार रुपये का मौके पर ही पुलिस को भुगतान कर दिया।
इस मामले में ट्रैफिक इंचार्ज सुरिंदर सिंह ने बताया कि वह सोहाना के गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां चौक पर ड्यूटी दे रहे थे। इसी दौरान एक फोर्ड इंडेवर कार आई जिसके शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। यह देखकर उन्होंने इंडेवर कार को रोक लिया और ब्लैक फिल्म लगाने संबंधी कागजात की मांग की। इस पर कार में सवार गायक मनकीरत औलख के भाई हरप्रीत ने कहा कि उन्होंने सुरक्षा के लिए कार पर ब्लैक फिल्म लगा रखी है। इस पर ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने उनसे इसके लिए प्रशासन की ओर से दी गई परमिशन दिखाने को कहा। लेकिन हरप्रीत यह परमिशन नहीं दिखा पाया। इसके बाद पुलिस अधिकारी ने ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करने के आरोप में उसकी कार का चालान काट दिया। इसके बाद हरप्रीत की चालान का मौके पर ही भुगतान कर दिया और वहां से चला गया।