मोहाली। पंजाब सरकार ने एचआईवी/एड्स जैसे घातक रोग के खिलाफ एक स्पेशल जंग का एलान किया है। इसके तहत पहले चरण में वीरवार को 11 जागरूकता वैनों को हरी झंडी देकर उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी ने फेज-6 जिला सिविल अस्पताल से रवाना किया। यह जागरूकता वैन राज्य के प्रत्येक गांव और शहर में जाएंगी। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक कर लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करेंगी और इन वैनों में टेस्ट और काउंसिलिंग की सुविधा भी रहेगी। उम्मीद है कि इससे बीमारी पर काबू पाने में सफलता मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक एचआईवी एड्स की बीमारी देश में बड़ी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में बीमारी के खिलाफ जंग जरूरी हो गई है। इसको ध्यान में रखकर पंजाब सरकार ने इस दिशा में काम शुरू किया है। इसके मद्देनजर उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी ने जागरूकता वैनों को हरी झंडी देकर रवाना करने के बाद कहा कि इस मुहिम के तहत 30 दिन में लोगों को जागरूक किया जाएगा। वैनों के साथ नुक्कड़ नाटक की टीमें भेजी गई है, जो कि लोगों को एड्स के प्रति जागरूक करेगी। इसके साथ ही लैब टेक्नीशियन और काउंसिलर भी वैनों में शामिल है, जो कि गांव में जाकर लोगों के टेस्ट और काउंसिलिंग मुफ्त करेंगे। इस मुहिम को सही तरीके से चलाने के लिए राज्य स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। इस मौके पर निदेशक सेहत सेवाएं डॉ. आदेश कंग, निदेशक सेहत सेवाएं डॉ. ओपी गेजरा, एडिशन प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. बॉबी गुलाटी, सिविल सर्जन मोहाली डॉ. आदर्श पाल कौर, एसएमओ अस्पताल मोहाली डॉ. अनु चोपड़ा और पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी का स्टाफ मौजूद था।