पंजाब सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में शहीदी दिवस 23 मार्च को अवकाश घोषित किया है। सरकार के एलान के बाद पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एक अहम फैसला लेते हुए बुधवार को होने वाली कक्षा 5वीं श्रेणी की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। अब यह परीक्षा 2 अप्रैल को होगी। बोर्ड के शिक्षा कंट्रोलर जनक राज ने इसकी पुष्टि की है। बोर्ड की तरफ से इस संबंधी आदेश स्कूलों को भेज दिए गए हैं। उक्त आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
मंगलवार को विधानसभा सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को सीएम भगवंत मान ने एलान किया कि पंजाब में 23 मार्च को शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस पर अवकाश रहेगा। सीएम ने स्कूल-कॉलेजों के बच्चों और उनके अध्यापकों को हुसैनीवाला और खटकड़कलां पहुंच कर इतिहास की जानकारी हासिल करने को कहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने के लिए ही फैसला लिया गया है।