कोरोना संक्रमण के कारण स्थगित पंजाब शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाओं को लेकर संशय बरकरार है। शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षा को लेकर कोई आदेश जारी नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। कई अन्य राज्यों ने 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। ऐसे में सूबे के लाखों बच्चों को परीक्षा का इंतजार है।
सूबे में 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार लगभग 3.20 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। शिक्षा बोर्ड ने इस बार राज्य के विभिन्न जिलों में करीब 2600 परीक्षा केंद्र बनाए थे लेकिन कोरोना के कारण परीक्षा को स्थगित कर दिया गया था। हालांकि अभी पंजाब में परीक्षा के आयोजन को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है।
यह कहा जा रहा है कि राज्य में 12वीं की परीक्षा रद्द होने की संभावना अधिक है। यहां भी 10वीं के आधार पर 12वीं के छात्रों को पास किया जाएगा। कोरोना के कारण पंजाब सरकार 10वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द कर चुकी है। आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर 10वीं के विद्यार्थियों को पास किया गया था। रिजल्ट की घोषणा 17 मई, 2021 को की गई थी।
बोर्ड की ओर से परीक्षा को लेकर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। बिना विचार विमर्श के इस मामले में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। - डॉ. योगराज शर्मा, चेयरमैन, पंजाब शिक्षा बोर्ड।