मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने वीरवार को मार्च, 2021 में होने वाली 10वीं और 12वीं सहित ओपन स्कूल की कुछ परीक्षाओं के फार्म भरने के लिए तारीखों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही फीस निर्धारित करते हुए इसकी घोषणा कर दी गई है।
पीएसईबी ने मार्च में होने वाली परीक्षाओं के फार्म भरने की तारीखों की घोषणा की है। इससे पहले नियमित परीक्षाओं के फार्म भरने की तारीखों की घोषणा की जा चुकी है। वीरवार को बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक जनक राज महरोक ने बताया कि 10वीं की अतिरिक्त विषय एवं इंप्रूवमेंट परीक्षाओं के अलावा 12वीं की अतिरिक्त विषय, इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट की परीक्षा सहित ओपन स्कूल की री-अपीयर परीक्षा के फार्म भरने की अंतिम तारीख 18 जनवरी, 2021 निर्धारित की गई है। हर कैटेगरी के लिए अलग-अलग परीक्षा फीस निर्धारित की गई है। 10वीं की अतिरिक्त विषय की परीक्षा के लिए 1050 रुपये, इंप्रूवमेंट के लिए 1700 रुपये परीक्षा फीस देनी होगी। इसी तरह 12वीं की कंपार्टमेंट और अतिरिक्त विषय के लिए 1350 रुपये फीस जमा करवानी होगी। जबकि 12वीं की इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए 2000 रुपये फीस जमा करवानी होगी।
इसी तरह ओपन स्कूल के तहत री-अपीयर परीक्षा देने वालों को 1350 रुपये फीस जमा करवानी होगी। विद्यार्थी 11 जनवरी, 2021 तक फीस जमा करवाकर 18 जनवरी तक अपने फार्म जमा करवा सकते हैं। इसके बाद उन्हें लेट फीस देनी होगी। लेट फीस के साथ फार्म जमा करवाने को लेकर परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि इन तारीखों के बाद एक हजार और फिर दो हजार रुपये लेट फीस देनी होगी। 11 जनवरी तक फीस जमा न करवाने वालों को 18 जनवरी तक एक हजार रुपये अतिरिक्त लेट फीस जमा करवानी होगी। इस लेट फीस के साथ 25 जनवरी तक फार्म जमा करवाए जा सकेंगे। 18 जनवरी तक भी फीस जमा न करवा पाने वालों को 2 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि के साथ 25 जनवरी तक लेट फीस जमा करवानी होगी। इस लेट फीस के साथ फार्म जमा करवाने की आखिरी तारीख एक फरवरी, 2021 होगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी पीएसईबी की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।