मोहाली। शहर के एक निजी अस्पताल पर पूर्व फौजियों के फर्जी मेडिकल बिल तैयार करने व उनके भुगतान हेतु पश्चिमी कमांड के रीजनल मिल्ट्री हेड क्वार्टर चंडीमंदिर भेजने का मामला सामने आया है। सेना की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर थाना फेज-आठ की पुलिस ने ग्रेशियन अस्पताल के एमडी शिवप्रीत सिंह समरा, उनकी पत्नी डॉ. साची राम कृष्णा जोशी व योगेश कुमार धवन के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
जानकारी के मुुताबिक, इस संबंधी 23 नवंबर को कैप्टन शुभम की तरफ से एसएसपी को शिकायत दी गई। इसमें उन्होंने कहा था कि ग्रेशियन अस्पताल ने 17 पूर्व सैनिकों के जाली मेडिकल बिल पश्चिमी कमान मुख्यालय को जमा करने के लिए भेजे थे। उन्होंने शिकायत में कहा था कि कमांड की तरफ एक्स सर्विसमैन को इलाज के लिए ग्रेशियन अस्पताल में रेफर करती है। जबकि भारतीय सेना की ओर से उनके बिलों का भुगतान किया जाता है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अस्पताल में इलाज कराने वाले 17 पूर्व सैनिकों के मेडिकल बिल फर्जी पाए गए। शिकायत मिलने के बाद एसपी सिटी की अगुवाई में मामले की जांच की गई। साथ ही अस्पताल प्रबंधन से इस संबंध में जवाब तलब किया गया। इसके बाद केस दर्ज किया गया।