मोहाली के स्कूल में जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
मोहाली फेज-सात के एक निजी स्कूल में शनिवार दोपहर बम की सूचना से भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की डॉग स्कवॉयड टीम, बम निरोधक दस्ता व अन्य माहिर पहुंच गए। स्कूल को खाली करवा दिया गया है। करीब चार घंटे तक स्कूल की गहनता से जांच की गई, लेकिन पुलिस को कोई ऐसी चीज नहीं मिली। मटौर थाने के एसएचओ नवीन पाल सिंह लहल ने मौके पर मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जांच का विषय है। इसके बारे में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
मामला शनिवार दोपहर साढ़े बारह बजे का है। स्कूल में परीक्षाएं चल रही थीं। छात्र आ रहे थे। जबकि कुछ अभिभावक बाहर खड़े थे। सूत्रों से पता चला है कि एक अज्ञात व्यक्ति आया और एक छात्र को पत्र देकर चला गया। छात्र ने उसके कहने पर वह पत्र स्कूल मैनेजमेंट तक पहुंचा दिया। पत्र हिंदी और पंजाबी में लिखा होने की बात कही जा रही है। जैसे ही स्कूल मैनेजमेंट ने यह पत्र देखा तो उसके बाद पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सारे स्कूल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब साढ़े तीन तक पुलिस की टीमें मौके पर जुटी रहीं, लेकिन जांच में स्कूल के अंदर किसी तरह कोई भी पदार्थ नहीं मिला। यह स्कूल इलाके के प्रमुख स्कूलों में से है। यहां पर कई बड़े घरों के बच्चे शिक्षा ले रहे हैं। वहीं, जैसे ही अभिभावकों तक इस संबंध में सूचना पहुंची तो वह भी चिंता में आ गए। जबकि मौके पर पहुंची मीडिया से स्कूल प्रिंसिपल अंजलि शर्मा ने कहा कि स्कूल में बम जैसी कोई चीज नहीं थी। साथ ही यह एक मॉक ड्रिल थी ताकि विपरीत स्थिति से निपटा जा सके।
मॉक ड्रिल थी तो बाकी इंतजाम क्यों नहीं
अगर यह मॉक ड्रिल का हिस्सा था तो इसमें कई खामियां थीं। क्योंकि स्कूल के बाहर एंबुलेंस से लेकर अन्य चीजें नहीं थीं। मॉक ड्रिल में प्रशासन की सारी टीमें एक साथ काम करती हैं। हालांकि देखने में ऐसा कुछ नहीं लग रहा था। जबकि स्कूल के बाहर परिजन भी चिंता में थे।
पुलिस खंगाल रही कैमरों की रिकॉर्डिंग
पुलिस की ओर से इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है ताकि स्कूल के छात्र को पत्र सौंपने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके। इतना ही नहीं पुलिस ने अपनी गश्त तेज कर दी थी। मार्केट के पीछे वाली साइड में लोगों की भीड़ नहीं जुटने दी जा रही थी। साथ ही मेन सड़क पर नाका लगाकर चेकिंग मुहिम चलाई जा रही थी ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है अगर किसी भी संदिग्ध चीज को देखते हैं तो तुरंत इस बारे में पुलिस को सूचित करें।
पूर्व सेहतमंत्री समेत कई नामी लोग रहते हैं इलाके में
फेज-सात शहर का प्रमुख फेजों में से एक है। यहां पर पंजाब के पूर्व सेहतमंत्री व विधायक बलबीर सिंह सिद्धू समेत कई नामी हस्तियां रहती हैं। इसके अलावा यहां की मार्केट भी प्रमुख है। जहां पर मोहाली समेत पूरे पंजाब व बाहरी राज्यों से लोग शॉपिंग आदि के लिए आते हैं। यह पहला मौका है जब इस तरह बम की सूचना किसी स्कूल में आई है। हालांकि इस एरिया में एटीएम आदि तोड़ने के पहले मामले आ चुके हैं।