डेराबस्सी। स्थानीय नगर परिषद के वार्ड नंबर-1 से लेकर 4 तक में रहने वाले स्थानीय लोग पानी की किल्लत के चलते मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। यहां की स्थिति ऐसी है कि कुछ क्षेत्रों में पानी की सप्लाई दूषित से हो रही है, जिसको पीकर लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। वहीं, कुछ कॉलोनियों के अंदर पानी न होने के कारण वहां के लोग पानी के टैकर मंगवाकर काम चल रहे हैं। दूसरी ओर, अपने वार्ड में पानी की किल्लत को लेकर वार्ड-4 से पार्षद मनविंदर सिंह टोनी राणा ने गांववासियों के नेतृत्व में नगर परिषद की कारगुजारी को लेकर रोष प्रदर्शन किया और गांववासियों ने हाथ में दूषित पानी की बोतलें लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वार्ड-4 से शिअद पार्षद मनविंदर सिंह टोनी राणा ने बताया कि कुल 4 वार्ड की आबादी करीब 10 हजार है और इतनी बड़ी आबादी वाले गांव के अंदर पानी की किल्लत लंबे समय से है, जिसके समाधान को लेकर उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान कुल चार ट्यूबवेल मंजूर करवाए थे। दूसरी ओर, 2017 के अंदर सूबे में सत्ता परिवर्तन हुआ, जिसके बाद विभाग की शक्तियां कांग्रेस के पास आते ही स्थानीय नेताओं ने उनके द्वारा मंजूर करवाए ट्यूबवेलों को रुकवाने का काम किया और अगले 4 साल तक ट्यूबवेल लगने नहीं दिया।
वहीं, निकाय चुनाव में सत्ता पर कांग्रेस ने कब्जा कर उनके पास करवाए ट्यूबवेलों में से 1 ट्यूबवेल का शिलान्यास करीब 1 महीने पहले कांग्रेसी नेता दीपेंद्र ढिल्लों से करवाया। जिसका काम अधूरा है। पार्षद टोनी राणा ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी नेताओं के दबाव में आकर नगर परिषद अधिकारी काम कर रहे हैं, जिनकी कारगुजारी का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
झूठ की राजनीति कर रहे शिअद पार्षद टोनी राणा : भूपिंदर सिंह
शिअद पार्षद मनविंदरपाल सिंह टोनी राणा गांववासियों को गुमराह करके झूठ की राजनीति करना चाहते हैं, परन्तु हकीकत बिल्कुल अलग है। दरअसल जो दूषित पानी बोतलों में भरकर दिखाया जा रहा है वो पानी की सप्लाई में खराबी की वजह से था, जिसको दुरुस्त कर लिया गया है। रही बात शिअद पार्षद टोनी राणा द्वारा 4 ट्यूबवेल पास करवाए जाने की तो हमें इसके सबूत हमारे प्रधान रणजीत सिंह रैड्डी के पास सार्वजनिक करें।
- भूपिंदर सिंह, वार्ड-2 से पार्षद, डेराबस्सी नगर परिषद।