जीरकपुर। शहर में बिजली संकट से लोग जूझ रहे हैं लेकिन दूसरी ओर बिजली की समस्या दूर करने के लिए यदि ट्रांसफर लगाया जाता है तो उस में भी लोगों को समस्या है। ऐसा ही एक मामला बलटाना के पंचशील एनक्लेव में सामने आया है। जहां ट्रांसफर लगाने के लिए लोगों में झगड़ा शुरू हो गया।
वहां कोई भी व्यक्ति नहीं चाहता कि उसके घर के सामने ट्रांसफार्मर लगाया जाए। झगड़ा इतना बढ़ गया कि ट्रांसफार्मर लगाने का काम रोकना पड़ा। दो पक्षों में खूब कहासुनी हुई। शहर में इस तरह के झगड़ों का कारण तंग सड़कें और गलियां हैं। यहां बिजली के खंभे लगाने की जगह तक नहीं है, ट्रांसफर लगाना तो दूर की बात है। तंग गलियों के कारण ट्रैफिक भी प्रभावित होता है और पार्किंग की समस्या बनी रहती है। यही कारण है कि शहर में जाम की समस्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। बलटाना मेन मार्केट सहित कई कॉलोनियों में ऐसे ही हालात हैं। कॉलोनाइजर्स ने सड़कों की चौड़ाई काफी कम रखी है। इसके अलावा यहां खंभे लगे होने से सड़कें और भी तंग हो गई हैं। इन सड़कों पर वाहनों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती है जो जाम और झगड़ों का कारण बनता है।
हादसों के डर से नहीं लगने दे रहे ट्रांसफार्मर
मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि यदि यहां गली में किसी भी व्यक्ति के घर के सामने ट्रांसफार्मर लगाया जाता है तो हादसा होने का खतरा बना रहता है। बच्चे गली में खेलते हैं और तारों के लटके होने से हादसों का डर बना रहता है। ट्रांसफार्मर लगने के बाद से तारें लटकती रहती हैं जिनकी देखभाल कोई नहीं करता और न ही कोई इसे ठीक करवाने को जिम्मेदारी समझता है। यही कारण है कि वह अपने घर के सामने ट्रांसफार्मर नहीं लगने देना चाहते।