जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला नेशनल हाईवे पर चंडीगढ़-पंजाब सीमा के पास जीरकपुर में बन रहे ओवरपास का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। इस कारण वहां हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है जिससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।
जानकारी के अनुसार इस समय ओवरपास के दोनों ओर मिट्टी भरने का कार्य किया जा रहा है लेकिन काम की गति काफी धीमी है। सूत्रों का कहना है कि मॉनसून आ जाने के कारण काम में देरी हो रही है क्योंकि बारिश के कारण मिट्टी का मिलना मुश्किल हो रहा है। 800 मीटर लंबे ओवरपास का निर्माण कर रही कंपनी ने मार्च में दावा किया था कि वह छह महीने में काम पूरा कर लेगी। उनके मुताबिक अगस्त में काम पूरा होना था, लेकिन जिस रफ्तार से काम चल रहा है, उसे देखते हुए तय समय में काम पूरा होने की संभावना नहीं दिख रही है।
ओवरपास के नीचे एक क्रॉसिंग भी बनाई जानी है जहां से जीरकपुर से यू-टर्न लेने वाले वाहनों और विशेष रूप से पभात गोदाम क्षेत्र से माल ढोने वाले वाहनों की क्रॉसिंग करवाई जाएगी। इससे पहले चालकों को जीरकपुर ट्रैफिक लाइट से यू-टर्न लेना पड़ता है। ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए ओवरपास का निर्माण किया जा रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
मामला ध्यान में है। काम में तेजी लाने के लिए एनएचएआई के अधिकारीयों के संपर्क में हूं। मॉनसून आने के कारण काम में थोड़ी मुश्किलें आ रही हैं। बारिश के कारण मिट्टी मिलना मुश्किल है। काम अगले चार महीने में पूरा कर लिया जाएगा और ओवरपास को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। -सुखदीप सिंह, ट्रैफिक इंचार्ज, जीरकपुर