मोहाली। जिले में मंगलवार को एक और व्यक्ति की कोरोना महामारी से मौत हो गई, जबकि आठ लोग कोरोना संक्रमित हुए। पिछले आठ दिनों में कोरोना से हुई यह दूसरी मौत है। साथ ही तीन मरीज तंदुरुस्त हुए हैं। नवनियुक्त डीसी ईशा कालिया ने 18 साल से अधिक उम्र के लोगों से अपील की है कि वह पहल के आधार पर कोरोना टीकाकरण करवाएं। साथ ही सेहत विभाग की ओर से निर्धारित गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन करें। सभी सरकारी अस्पतालों में कोरोना टीकाकरण मुफ्त किया जा रहा है।
वहीं जिला प्रशासन की ओर से कोरोना से हुई लोगों की मौत की ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि इस दौरान कोरोना संक्रमित मरीजों में ढकोली से एक, बूथगढ़ और आसपास के इलाके से दो केस, खरड़ और साथ लगते इलाके से दो केस और मोहाली से तीन केस सामने आए हैं। जिले में अब तक कोरोना के कुल 68703 केस सामने आ चुके हैं और इनमें से 67602 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं अब तक 1063 लागों की मौत हो चुकी है, जबकि अभी 38 केस सक्रिय हैं।