मोहाली। जिले में शुक्रवार को डेंगू संदिग्ध एक मरीज की मौत हो गई, जबकि 95 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से 4 मरीज बाहरी जिलों से संबंधित हैं। इसके साथ ही जिले में डेंगू से मरने वालों की कुल संख्या 31 हो गई है। वहीं डेंगू के कुल मरीजों की संख्या का आंकड़ा 2456 पर पहुंच गया है।
सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने इसकी पुष्टि करते हुए लोगों से अपील की है कि वह अपने घरों के आसपास सफाई रखें और पानी जमा न होने दें। साथ ही सुबह शाम शरीर को पूरी तरह से ढकने वाले कपड़े पहनें। जानकारी के मुताबिक भले ही जिला प्रशासन ने डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। पूरे जिले में डेंगू के प्रति जागरूक करने वाले बोर्ड लगाए गए हैं। लेकिन फॉगिंग और स्प्रे का काम अभी भी भगवान भरोसे चल रहा है। खरड़ एरिया में तो दिक्कत बहुत ज्यादा बढ़ गई है। यहां मरीज सामने आने के बाद भी फॉगिंग नहीं हो रही है। इस तरह की दिक्कत जीरकपुर और डेराबस्सी में भी सामने आई है। बाकायदा सेहत विभाग के अधिकारियों को इस बारे में लोग बता भी चुके हैं। लेकिन फिर भी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है।