जीरकपुर। जीरकपुर और इसके आसपास के इलाकों में लावारिस पशुओं के कारण हो रहे हादसों के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से करीब दो सप्ताह से की जा रही भूख हड़ताल मंगलवार को समाप्त हो गई। प्रशासन के अधिकारियों ने आप नेताओं की भूख हड़ताल समाप्त करवाते हुए आश्वासन दिया है कि इस संबंध में जल्द ही नगर काउंसिल के साथ मिलकर समस्या का समाधान किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता कुलजीत सिंह रंधावा, सवर्ण कौर बलटाना, स्वीटी शर्मा, सुभाष शर्मा, कमलजीत लोहगढ़, कर्मजीत चौहान आदि ने बताया कि जीरकपुर, बलटाना और डेराबस्सी के इलाकों में लावारिस पशुओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। लावारिस पशुओं के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। जनता की इस समस्या के समाधान के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से पिछले 13 दिन से भूख हड़ताल की जा रही थी। जो मंगलवार को खत्म कर दी गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को प्रशासन ने उन्हें मामले में जल्द उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। आम आदमी पार्टी की ओर से रखी गई भूख हड़ताल को खत्म करने के लिए प्रशासन की और से गिरीश वर्मा कार्यकारी अधिकारी जीरकपुर और ओंकार सिंह बराड़ एसएचओ जीरकपुर बलटाना लाइट प्वाइंट पर ज्ञापन लेने पहुंचे।
भूख हड़ताल समाप्त करने से पहले पंडाल में ही शहीद भगत के जन्म दिवस के अवसर पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि भेंट की गई और शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस पर आम आदमी पार्टी के संघर्ष को मिली जीत पर बधाई दी गई। इस मौके पर मौजूद आप नेताओं ने कहा कि अगर प्रशासन द्वारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आप कार्यकर्ता फिर से असीमित समय के लिए हड़ताल करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर उनके साथ दर्जनों आम आदमी पार्टी के नेता मौजूद थे।