मोहाली। सीएम सिटी खरड़ समेत अन्य हिस्सों में रोजाना मुलाजिमों के रोष प्रदर्शनों की वजह से लगने वाले जाम से लोगों को बचाने के लिए आखिर जिला पुलिस को याद आ ही गई। लोगों की सुविधा के लिए अब पुलिस ने एक रूट प्लान तैयार किया है। इससे लोगों का सफर आसान हो जाएगा। साथ ही उन्हें जाम में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। इतना ही नहीं इससे सड़क हादसों पर भी ब्रेक लगेगी। एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि नया रूट प्लान वाहन चालकों के लिए सहायक होगा। वहीं, उन्हें इस तरह धक्के नहीं खाने पड़ेंगे।
जानकारी के मुताबिक धरने प्रदर्शन के समय में रूपनगर से चंडीगढ़ जाने वाला ट्रैफिक कुराली से मुल्लांपुर होते हुए चंडीगढ़ जाएगा। इसी तरह लुधियाना से आने वाले वाहन चालकों के लिए लुधियाना से मोरिंडा, मोरिंडा से चुन्नी और चुन्नी से लांडरां होते हुए मोहाली और चंडीगढ़ आना होगा। इसी तरह तीसरा रूट चुन्नी से बडाला रोड खरड़ बनाया गया है। एसएसपी नवजोत सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ से फेज-6 से यू टर्न लेकर सेक्टर-38, सेक्टर-39 और मुल्लांपुर का रूट प्लान बनाया है।
साथ ही वेरका मिल्क प्लांट से गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां सोहाना और सोहाना से लांडरां पहुंचने के लिए पुलिस की तरफ से प्रबंध किए गए हैं। इसी तरह राधा स्वामी चौक से लांडरां वाला रूट बनाया गया है। साथ ही चप्पड़चिड़ी से बडाला रोड खरड़ जाने के लिए के लिए रूट बनाया गया है। वहीं, मोरिंडा खरड़ से मोरिंडा रोड और बडाला से चुन्नी मच्छली और आगे फतेहगढ़ साहिब जाने के लिए रूट प्लान बनाया गया है। चंडीगढ़ से लुधियाना जाने के लिए मुल्लांपुर, मुल्लांपुर से कुराली, कुराली से मोरिंडा और मोरिंडा से लुधियाना जाना होगा। उन्होंने कहा कि उक्त मार्गों का इस्तेमाल करके लोग जाम आदि से बच पाएंगे। साथ ही इलाके में वाहनों का ट्रैफिक आसानी से निकलेगा। इसके लिए उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।