नयागांव। बिजली विभाग द्वारा वीरवार को ओवरलोडिंग व घरेलू मीटरों का कॉमर्शियल प्रयोग करने के विरोध में दुकानदार संघर्ष की राह पर आ गए हैं। शुक्रवार को गुस्साए दुकानदारों ने टंकी चौक पर रास्ता बंद कर प्रदर्शन किया। साथ ही बिजली विभाग एवं नगर काउंसिल के खिलाफ धरना प्रदर्शन दिया। वहीं, इस मामले में अकाली दल और आप पार्टी के नेता भी आ गए है। उन्होंने दुकानदारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
जानकारी के मुताबिक दुकानदारों ने धरना प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि सरकार बिजली विभाग एवं नगर परिषद कार्यालय की आड़ में इलाके के दुकानदारों को परेशान कर रही है। कुछ समय पहले हुए नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस पार्टी की हार का बदला लेने के लिए दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है। बिजली विभाग से व्यवसायिक मीटर लगाने की मांग करो तो वह नगर काउंसिल की एनओसी मांगने लग जाते हैं। दुकानदारों ने मुख्यमंत्री, डीसी, एसडीएम एवं कार्यकारी अधिकारी नगर काउंसिल नयागांव को एक मांग पत्र दिया है। पार्षद कुलबीर बिष्ट ने कहा कि यह सरकार सरासर दुकानदारों के साथ धक्का कर रही है। जब यह लोग व्यावसायिक मीटर किसी को दे ही नहीं रहे हैं तो उनकी यह कार्रवाई राजनीति से प्रेरित लग रही है।