डेराबस्सी। शहर में लंबे समय से लटक रहे जच्चा-बच्चा केंद्र को मंजूरी मिल गई है। यह जानकारी हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने दी। इस केंद्र में गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान और बाद में अत्याधुनिक उपचार मुहैया करवाया जाएगा। कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार ने डेराबस्सी, गुरदासपुर, नाभा, पट्टी, रायकोट, तलवंडी साबो, मुक्तसर को शामिल किया है। उन्होंने कहा कि नए बनने वाले जच्चा-बच्चा केंद्र पूरी तरह से पंजाब की मातृ शक्ति को समर्पित होंगे।
गौरतलब है कि डेराबस्सी समेत प्रदेश के उपरोक्त सात शहरों में जच्चा-बच्चा केंद्र स्वीकृत हुए काफी समय हो गया है। सिविल अस्पताल में इस केंद्र के लिए उपयुक्त जगह की कमी के कारण इसके निर्माण में बाधा आ रही थी।
इसके अलावा विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने पंजाब सरकार से राज्य में ट्रांसपोर्टरों की समस्या के समाधान के लिए नई नीति बनाने की भी मांग की। उन्होंने क्षेत्र की खस्ता हालत सड़कों के मुद्दे और खस्ताहाल बरवाला रोड के निर्माण की मांग की। बजट सत्र में पीडब्ल्यूडी मंत्री हरभजन सिंह ने आश्वासन दिया कि इस सड़क का बजट 18 करोड़ 85 लाख रुपये निर्धारित कर वित्त विभाग को भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही सड़क का काम शुरू कर दिया जाएगा।
कुलजीत सिंह रंधावा ने असंतुष्ट होकर सत्र के दौरान दोबारा स्पीकर कुलतार संधवा से सड़क के निर्माण के लिए समय निर्धारित करने के लिए कहा। इस पर मंत्री ने कहा कि जल्द ही इस सड़क की मरम्मत की जाएगी और धनराशि स्वीकृत होते ही सड़क के निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा। सत्र के दौरान विधायक रंधावा ने कहा कि पंजाब को हरियाणा से जोड़ने वाली 7.2 किलोमीटर लंबी इस सड़क की हालत काफी समय से खस्ता है। इस सड़क पर राष्ट्रीय राजमार्ग से अधिक यातायात होता है। सड़क की बदहाली के कारण आए दिन यहां हादसे होते रहते हैं और जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बरसात के दिनों में इसकी स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।