मोहाली। श्री आनंदपुर साहिब के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखकर पंजाब में कोरोना वैक्सीन की कमी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने यह पत्र पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से मंगलवार की रात किए गए ट्वीट के संबंध में लिखा है। जिसमें मुख्यमंत्री ने राज्य में कोरोना वैक्सीन की भारी कमी की बात कही थी। इस संबंधी मीडिया को जानकारी देने के लिए एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में जिक्र किया था कि राज्य के पास 50,000 से भी कम वैक्सीन का स्टॉक पड़ा है। राज्य को 1 मई से लेकर 15 मई तक केंद्र की ओर से सिर्फ 6 लाख डोज का आवंटन किया गया है। जिसकी संख्या प्रतिदिन 40 हजार है। सीएम ने राज्य में बड़ी संख्या में सामने आ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के मद्देनजर केंद्रीय सेहत मंत्री से पंजाब का वैक्सीन का कोटा बढ़ाने की अपील की थी।
सांसद तिवारी ने जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि पंजाब कोरोना महामारी की दूसरी लहर का सामना कर रहे देश के अन्य हिस्सों में से एक है। ऐसे में तेजी से वैक्सीनेशन की जरूरत है। सांसद ने पब्लिक इन्फॉरमेशन ब्यूरो की ओर से 4 मई को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति का जिक्र किया है, जो कोरोना के टीकों के आवंटन में पक्षपात का खुलासा करती है। इसे लेकर 18 से 43 साल के आयु वर्ग का उदाहरण लें, तो गुजरात में 1.61 लाख लोगों को वैक्सीनेशन लगी है, जबकि पंजाब में सिर्फ 908 लोगों को ही कोरोना का टीका लगा है। उन्होंने कहा कि यह समस्या लोगों में लापरवाही का नतीजा नहीं, बल्कि टीकों की कमी का परिणाम है। जिस पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री से पक्षपात छोड़कर पंजाब को वैक्सीन में उसका उचित हिस्सा जल्द से जल्द मुहैया करवाने की अपील की है।