मोहाली। सेक्टर-82 स्थित फॉल्कन व्यू जैसी पॉश सोसायटी के एक फ्लैट की बालकनी में से वीरवार सुबह साढ़े पांच बजे हवाई फायर किया था। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी हरमिंदरपाल सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया। जज ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है जबकि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हैप्पी से 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली है। मामले की पुष्टि करते हुए सोहाना पुलिस थाना प्रभारी गुरजीत सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी ने नशे की हालत में हवाई फायर दिए थे, जिसे लेकर आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।
यह है मामला
वीरवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-82 स्थित फॉल्कन व्यू सोसायटी के एक फ्लैट में फायरिंग की गई है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के तहत फ्लैट में रहने वाले सागर और सुमित को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पता चला कि सागर, सुमित और उनका एक अन्य दोस्त तीनों इस फ्लैट में किराए पर रहते हैं। मौजूदा समय में उनका दोस्त दुबई गया हुआ है। बुधवार की रात अंबाला में सागर अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए बाउंसर हरमिंदरपाल सिंह उर्फ हैप्पी को साथ ले गया। वह अपने साथ 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक भी ले गया। वहीं देर रात करीब 2 बजे सभी वापस घर पहुंचे। ज्यादा शराब पी होने के कारण हरमिंदर फ्लैट में ही सो गया। अगली सुबह उठा तो बालकनी में खड़े होकर 2 हवाई फायर कर दिए, जिनकी आवाज सुनते ही सोसायटी के अन्य लोग घबराकर घरों से बाहर आ गए। उन्हें एकत्रित होता देख हरमिंदर वहां से चला गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसने घटनास्थल से 2 और कमरे में पड़ी प्लास्टिक की डिब्बी में से 4 से 5 खोल बरामद किए थे। इसके बाद पुलिस ने हरमिंदरपाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है।