मोहाली। जिले में कोरोना टीकाकरण ने रफ्तार पकड़ ली है, लेकिन अभी तक 2 लाख 20 हजार लोगों ने तय समय में दूसरा टीका नहीं लगवाया है। यह बात सेहत विभाग के रिकॉर्ड में सामने आई है। सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने खुद इसकी पुष्टि करते हुए लोगों से अपील की है कि वह पहल के आधार पर दूसरा टीका लगवाएं। अगर पहला टीका लगवाने के बाद दूसरा टीका सही समय से नहीं लगेगा तो पहले वाले का असर भी खत्म हो जाएगा। ऐसे में महामारी से मुकाबला करने में दिक्कत आएगी।
जिला सेहत विभाग के मुताबिक अब तक जिले में 16 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें 6 लाख से अधिक लोगों को दोनों टीके लग चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गिरीश डोगरा ने कहा कि 60 साल से ऊपर के 2257 लोगों को अभी तक बूस्टर डोज लगी है। इसके अलावा 15 से 18 साल के कुल 14,645 किशोरों का टीकाकरण हुआ है। जिन्होंने दूसरा टीका नहीं लगवाया वह सेहत विभाग के लिए सिरदर्दी बने हुए हैं।