मोहाली। मोहाली में कई इमिग्रेशन कंपनियां बिना लाइसेंस के अवैध रूप से काम कर रही हैं। ये कंपनियां विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रही हैं। इसी क्रम में बुधवार और वीरवार को मोहाली प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने एयरपोर्ट रोड स्थित मोहाली सिटी सेंटर में चल रहे एक अवैध इमिग्रेशन ऑफिस पर छापा मारा। इस दौरान कई पासपोर्ट और विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये के लेन-देन के सबूत भी मिले। कार्रवाई के दौरान कंपनी के संचालकों और कर्मचारियों के मोबाइल और लैपटॉप भी जब्त कर लिए। पुलिस की टीम के सामने इमिग्रेशन कंपनी के संचालकों ने स्वीकार किया कि उनके पास इमिग्रेशन का काम करने का कोई लाइसेंस नहीं है। डीसी ऑफिस ने तुरंत कंपनी को ऑफिस बंद करने के आदेश दिए। इन फोन और लैपटॉप में लेन-देन और चैटिंग के कई सबूत मिले हैं। इस चैटिंग में विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये मांगे गए हैं। मोहाली सिटी सेंटर स्थित इस इमिग्रेशन कंपनी का दफ्तर डेढ़ साल से चल रहा था।
जिला प्रशासन को कार्रवाई करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई थी। जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। इसमें पुलिस की कोई भूमिका नहीं है। अगर प्रशासन की ओर से कोई सूचना मिलती है, तो पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी। - सतविंदर सिंह, थाना प्रमुख आईटी सिटी मोहाली,
इलाके में एक अवैध इमिग्रेशन फर्म के संचालन की सूचना मिली थी। वहां जांच की गई है। फर्म ने मौके पर कोई दस्तावेज़ नहीं दिखाए। इस कारण इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - हरजीत सिंह, नायब तहसीलदार