मोहाली। गर्मी में पानी की बर्बादी को रोकने के लिए वाटर सप्लाई एंड सेनिटेशन विभाग ने चालान के साथ जुर्माना लगाने का फैसला लिया है। पहली बार पानी बर्बाद करने पर एक हजार रुपए जुर्माना, दूसरी बार पकड़े जाने पर दो हजार और तीसरी बार पकड़े जाने पर उपभोक्ता के घर का पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। साथ ही पांच हजार रुपये जुर्माना भी किया जाएगा। फिर से कनेक्शन लगवाने के लिए उपभोक्ता को एक एफिडेविट देना होगा। इस बारे में फैसले का अधिकारी सिर्फ विभाग के कार्यकारी इंजीनियर को दिया गया है कि दोबारा कनेक्शन लगाना है कि नहीं।
विभाग ने शहर निवासियों से पानी की बचत करने की अपील की है। मोहाली में पानी की ज्यादातर सप्लाई वाटर सप्लाई एंड सेनिटेशन विभाग द्वारा की जा रही है जबकि कुछ हिस्सा गमाडा का है। हरेक विभाग की सप्लाई अलग अलग क्षेत्रों में है। महत्वपूर्ण बात यह है कि गर्मी में पानी की खपत बढ़ जाती है और ऐसे में यदि पानी की बर्बादी होती है तो आम लोगों को ही परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कारों को धोने से पानी का प्रेशर हो जाता है ज्यादा कम
सप्लाई के पानी से कारों को धोने से प्रेशर काफी कम हो जाता है। इस वजह से लोगों को तीसरी मंजिल तक पानी नहीं मिलता है। ऐसी स्थिति में विभाग द्वारा सख्ती से निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोग अपनी सुविधा को देखते हैं, लेकिन उनके कार धोने के कारण दूसरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।