डेराबस्सी। अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव जनेतपुर के निकट दो कारों के बीच हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि बड़ी जनहानि टल गई। हादसा अंबाला की ओर से आ रही वेन्यू कार और विपरीत दिशा से आ रही ब्रेज़ा कार के बीच हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में वेन्यू चालक सतपाल निवासी धर्मगढ़, लालड़ू घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं दूसरी कार में सवार आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष (वाइस चेयरमैन) शुभाष शर्मा के पुत्र को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।