चंडीगढ़। पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश के बाद चंडीगढ़ की हवा में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। सोमवार को शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 72 रिकॉर्ड किया गया, जिससे शहर एक बार फिर ग्रीन जोन में पहुंच गया। इससे पहले कई दिनों तक शहर का एक्यूआई 100 से ऊपर बना हुआ था और वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की जा रही थी।
शहर के विभिन्न एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के अनुसार सेक्टर-22 में एक्यूआई 93, सेक्टर-25 में 50 और सेक्टर-53 में 74 दर्ज किया गया। इनमें सेक्टर-25 की हवा सबसे स्वच्छ रही। वहीं सेक्टर-22 में एक्यूआई अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक रहा, लेकिन यह भी सुरक्षित श्रेणी में बना रहा।
चंडीगढ़ पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी (सीपीसीसी) के अधिकारियों के अनुसार बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषणकारी कण जमीन पर बैठ गए, जिससे हवा साफ हुई। विशेष रूप से पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कणों में कमी आने से वायु गुणवत्ता बेहतर हुई है। हवा साफ होने के बाद सुबह और शाम के समय पार्कों, साइकिल ट्रैक और खुले स्थानों पर लोगों की आवाजाही भी बढ़ी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम में हल्का बदलाव बना रहने की संभावना है, जिससे वायु गुणवत्ता में और सुधार हो सकता है।