मोहाली। पंजाब के सेहत एवं परिवार भलाई मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू का दावा है कि सरकार की ओर से चुनावों के समय में किए गए 93 फीसदी वायदे पूूरे कर दिए गए हैं। बाकी जो रह गए हैं उन वायदों को एक से डेढ़ महीने में पूरा कर दिया जाएगा। यह जानकारी उन्होंने बलौंगी स्थित गोपाल गोशाला में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में संबोधित करते हुए दी।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में सेहत और शिक्षा के क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। कोरोना काल में जहां अन्य राज्यों में लोगों को अस्पतालों में बैड नहीं मिल रहे थे और वहां अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी का सामना तक करना पड़ रहा था। जबकि पंजाब में हालात काफी बढ़िया थे। ऑक्सीजन के लिए दूसरे राज्यों के लोग भी यहां इलाज करवाने के लिए पहुंच रहे थे। हमारी सरकार ने उनके लिए भी पूरे प्रबंध किए। इस कार्यक्रम में मौजूद आम लोगों की समझदारी और उनके सहयोग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शहर के सभी लोग उनके लिए एक परिवार की तरह हैं।
लोगों का प्यार ही उन्हें राजनीति में लाया है, साथ ही मंत्री की कुर्सी तक पहुंचाया है। ऐेसे में उनकी जिम्मेदारी बनती है कि हर त्योहार अपने परिवार के साथ मनाएं। उन्होंने लोगों को कहा कि किसी भी इलाके में यदि विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं तो उनके ध्यान में लाया जाए। उनका काम पहल के आधार पर हल किया जाएगा।
इस मौके पर नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू, सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल, डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह, पूर्व काउंसिल प्रधान राजिंदर राणा, रिश्व जैन, सरपंच बलौंगी अवतार सिंह, पार्षद बलजीत कौर समेत कई लोग मौजूद थे।