मोहाली। जिले में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सेहत विभाग ने अब पूरा ध्यान टीकाकरण के ऊपर लगा दिया है। इसका कारण बीते कुछ दिनों में कोरोना से हुई लोगों की मौत है। जहां, सेहत विभाग के अधिकारियों की जांच में सामने आया है कि कोरोना संक्रमण के चलते उन लोगों की मौत हुई है, जो किसी गंभीर बीमारी का शिकार थे और अधिकतर लोगों ने टीकाकरण नहीं करवाया था। सेहत विभाग की ओर से अब जिले में टीकाकरण की ड्राइव तेज कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमण से बीते तीन दिन में 9 लोगों की मौत हो गई है। इनमें अधिकतर की उम्र 60 वर्ष से ऊपर थी और ज्यादातर लोग दिल, कैंसर और किडनी आदि बीमारी से पीड़ित थे। इनका इलाज अलग-अलग अस्पताल में चल रहा था और 9 में से 2 ऐसे थे, जिन्होंने अभी तक एक भी टीका नहीं लगवाया था। इसके कारणों को लेकर सेहत विभाग के अधिकारियों ने वीरवार को मंथन किया तो सामने आया कि लोग टीकाकरण नहीं करवा रहे हैं। इस पर बड़े अधिकारियों ने लोगों का अधिक से अधिक टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं।
जल्द से जल्द टीकाकरण करवाएं
उच्चाधिकारियों के साथ हुई बैठक में कोरोना टीकाकरण मुहिम को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं और लोगों से अपील है कि जिन लोगों ने टीकाकरण नहीं करवाया है तो वह जल्द से जल्द सेहत केंद्रों में आकर निशुल्क टीकाकरण करवाएं। -एचएस चीमा, सीनियर मेडिकल ऑफिसर, सिविल अस्पताल मोहाली।