नयागांव। सरकार ने 24 मई को अवैध कॉलोनियों पर रोक संबंधी एक पत्र जारी किया। इस पत्र के बाद इलाके के भू-माफिया में खौफ है। इस पत्र के मुताबिक नयागांव इलाके में ज्यादातर कॉलोनियां अवैध हैं।
पंजाब सरकार की तरफ से जारी किए गए पत्र में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अवैध कॉलोनी की कोई रजिस्ट्री न की जाए। पिछले सालों में काफी अवैध कॉलोनियों का निर्माण किया जा रहा है जिससे सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा है। वहीं मासूम लोगों के साथ धोखाधड़ी हो रही है। सरकार ने स्थानीय प्रशासन को इलाके की सभी वैध एवं अवैध कॉलोनियों की सूची मुहैया करवाने के आदेश दिए हैं। सरकार के फैसले के बाद इलाके के सिंघा देवी, कुमाऊं कॉलोनी, विकास नगर, शिवनगर, कांसल आदि इलाकों में बन रही कॉलोनियां अधर में लटक गई हैं। इन इलाकों में कई भू-माफिया छोटे-छोटे प्लॉट बेच कर मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
क्या कहते हैं अधिकारी
इलाके में अवैध निर्माण पर रोक लगा रखी है। जिस इलाके में नगर काउंसिल द्वारा नक्शा पास किए जाते हैं, सिर्फ उसी इलाके में मकान बन रहे हैं। सरकार के आदेशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। -वीरेंद्र जैन, कार्यकारी अधिकारी, नगर काउंसिल नयागांव