मोहाली। जिले में बहुमंजिला इमारतों में आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए 104 मीटर लैडर वाली हाइड्रोलिक मशीन की खरीद को लेकर नगर निगम ने प्रस्ताव अब गमाडा को भेजा है। वहीं इसमें मांग की गई है कि जिले में अब 94 मीटर ऊंची इमारतें बनकर तैयार हो गई हैं लेकिन दमकल विभाग के पास अभी 54 मीटर लैडर वाली हाइड्रोलिक मशीन मौजूद है।
जानकारी के मुताबिक, गमाडा द्वारा जिले में 28 मंजिला तक की इमारतों वाले हाउसिंग प्रोजेक्ट को मंजूरियां दी जा रही है और आधा दर्जन से अधिक प्रोजेक्टों का निर्माण कार्य तक शुरू हो चुका है। गमाडा मंजूरियां तो दे रहा है, परंतु इन इमारतों में आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए उपकरण नहीं है। दूसरी ओर दमकल विभाग द्वारा 104 मीटर लैडर वाली हाइड्रोलिक मशीन की खरीद को लेकर प्रस्ताव नगर निगम के जरिए गमाडा को भेजा था, जिसे 6 महीने से अधिक का समय बीत जाने के बाद मंजूरी नहीं मिली।
लोगों की शिकायतों पर नगर निगम ने लिया संज्ञान
जानकारी के अनुसार बीते कुछ दिनों से नगर निगम के पास आगजनी की घटनाओं को लेकर लिखित शिकायतें आ रही हैं। वहीं इन शिकायतों में एक शिकायत ऐसी थी, जो 94 मीटर ऊंची बहुमंजिला में रहता है और इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने अधिकारियों से बैठक की। बैठक के बाद एक पत्र लिखकर गमाडा से 104 मीटर लैडर वाली हाइड्रोलिक मशीन की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी देने की मांग की है।