देश के अलग अलग राज्यों में रहने वाले विद्यार्थियों ने दिल्ली की एक नामी कंपनी पर ट्रेनिंग देकर नौकरी दिलवाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाया है। आरोप है कि दिल्ली की एक मार्केटिंग कंपनी ने विद्यार्थियों को मोहाली सेक्टर 110 स्थित अपनी शाखा पर भेजा और ट्रेनिंग दी। ट्रेनिंग के बाद न तो इन्होंने नौकरी दी और न ही ट्रेनिंग के दौरान दी जाने वाली सैलरी।
विद्यार्थियों ने मिलकर थाना सोहाना पुलिस में 16 जुलाई को कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत दर्ज करवाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न होने से परेशान विद्यार्थियों ने अब केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री रवि शंकर प्रसाद को सोमवार को पत्र लिखकर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने का फैसला लिया है।
दिल्ली समेत कई राज्यों के विद्यार्थियों को मार्केटिंग में नौकरी के नाम पर ठगने वाले एक हर्बल और आयुर्वेदिक कंपनी का दिल्ली में कार्यालय है। इस कंपनी की ओर से दिल्ली के अलावा देश के अलग अलग राज्यों में भी अपने ट्रेनिंग सेंटर खोले हुए हैं। मोहाली के सेक्टर 110 में टीडीआई कंपनी का ट्रेनिंग सेंटर है।
दिल्ली समेत कई राज्यों से मोहाली में ट्रेनिंग करने आए करीब दस विद्यार्थियों ने बताया कि उनको कंपनी ने मोहाली में अपनी शाखा पर ट्रेनिंग के भेजा। इसके लिए कंपनी द्वारा उनसे कुछ रकम भी ट्रेनिंग के नाम पर वसूली गई। साथ ही कहा गया कि ट्रेनिंग पूरी होते ही उनको तीन दिनों के अंदर कंपनी के वेयरहाउस में नौकरी दी जाएगी।
ट्रेनिंग करने के एक माह बाद भी न तो इन विद्यार्थियों को नौकरी दी गई और ट्रेनिंग के दौरान कंपनी द्वारा सैलरी देने को कहा गया था वो भी नहीं मिली। अब कंपनी द्वारा उनको नौकरी दिलवाने के नाम पर टालमटोल किया जा रहा है जिसके चलते विद्यार्थियों में रोष है।
कंपनी द्वारा अपनाई जा ही इस नीति से तंग आकर विद्यार्थियों ने सोहाना पुलिस थाने में शिकायत भी दी है। इस पर भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। अब विद्यार्थियों ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद को सोमवार को पत्र लिख कर इंसाफ की गुहार लगाने का फैसला किया है।
साथ ही मांग करेंगे कि कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे बंद करवाया जाए ताकि विद्यार्थियों से नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी न हो सके।