गैंगस्टर्स ने एक बार फिर अपनी सरगर्मी बढ़ानी शुरू कर दी है। इस बार चर्चा में है सुखप्रीत बुड्ढा गैंग। बुड्ढा गैंग ने हिंदू नेता प्रशांत शर्मा को बम से उड़ाने की धमकी दी है। प्रशांत शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने गैंगस्टर सुखप्रीत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बुड्ढा गैंग जून में नाभा जेल में बंद बेअदबी के आरोपी मोहिंदर पाल बिट्टू की हत्या की जिम्मेदारी लेकर चर्चा में आ गया था।
प्रशांत शर्मा शिव सेना हिंदुस्तान के प्रधान हैं। प्रशांत शर्मा ने खरड़ पुलिस को शिकायत दी है कि गैंगस्टर सुखप्रीत बुड्ढा ने फोन पर उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी है। हिंदू नेता की शिकायत पर खरड़ थाने में सुखप्रीत बुड्ढा के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 506, 116, 341 और 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
धमकी के बाद प्रशांत शर्मा ने कहा कि पंजाब के शांत माहौल को कट्टरपंथी विचारधारा वाले गैंगस्टर्स खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। निर्दोष लोगों का कत्लेआम करने वाले गैंगस्टर के खिलाफ पंजाब पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने धमकी देने वाले गैंगस्टर सुखप्रीत बुड्ढा को सलाह देते हुए कहा कि कानून के साथ खिलवाड़ करने के बजाय आत्मसमर्पण कर देना चाहिए। इतिहास गवाह है कि कानून के साथ खिलवाड़ कर आम नागरिकों के लिए खतरा बने गैंगस्टरों का अंत एनकाउंटर से ही होता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पिछले साल भी पंजाबी गायक परमीश वर्मा पर गैंगस्टर्स ने जानलेवा हमला किया था। इसके बाद अब एक बार फिर गैंगस्टर्स ने अपनी सरगर्मी जिले में शुरू की है। पुलिस का कहना है कि प्रशांत शर्मा की शिकायत पर सुखप्रीत बुड्ढा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।