नयागांव। मकान पर अवैध कब्जे, मारपीट एवं लूटपाट के आरोप में नयागांव थाने में तीन लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान मीना कुमारी, संदीप कुमार और अनिल कुमार निवासी हरियाणा के रूप में हुई है।
इस मामले में पीड़ित हरियाणा के जींद निवासी रविंद्र कुमार ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उन्होेंने फरवरी में जनता कॉलोनी रोड पर आदर्श नगर में एक मकान खरीदा था। जिसके बिजली के सभी बकाया बिल उसके भाई जितेंद्र के बैंक खाते से भरे गए थे। इस मकान में आगे दुकान बनी है जो किराए पर दे रखी थी। इस मकान के अगले हिस्से में और ऊपर भी किराएदार रह रहे थे। जबकि वह खुद यहां पर फरवरी से रहने आए थे। 16 अक्तूबर को हरियाणा के नरवाना से उनकी माता को पुलिस ने गिरफ्तार किया था तो तब उन्हें पता चला था कि कुछ लोगों ने नयागांव पुलिस में 14 अक्तूबर को उसकी माता के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य मामलों में केस दर्ज करवाया हुआ है। इसके बाद वह अपनी मां को छुड़वाने में लगे हुए थे। 30 अक्तूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे तीनों आरोपियों ने 15-20 गुंडों के साथ उसके मकान पर हमला कर दिया और मकान पर कब्जा कर लिया। हमलावरों के हाथ में पिस्तौल भी थी।
रविंद्र कुमार ने एसएसपी को शिकायत में यह भी बताया कि आरोपियों ने जब मकान प कब्जा किया था तो उस समय मकान में करीब साढे तीन लाख रुपये नकद, एक चेन, दो अंगूठी, एक कड़ा, गले का हार एवं बाकी घर का सारा सामान रखा था। आरोपियों ने इस मकान पर अभी भी कब्जा कर रखा है।
इस मामले में एसएसपी ने डीएसपी सिटी-1 को जांच का जिम्मा दे रखा है। डीएसपी की ओर से एसएसपी को सौंपी गई जांच रिपोर्ट में पाया गया है कि किराएदार और अन्य लोगों के बयान पर आरोपियों ने रविंद्र के मकान पर अवैध कब्जा किया हुआ है। डीएसपी की रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने नयागांव थाने को निर्देश देकर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।