जीरकपुर। शहर के बलटाना क्षेत्र में दीवाली के लिए लगाए गए एक स्टाल में रविवार तड़के पांच बजे आग लग गई। इस हादसे में स्टाल में रखा लाखों रुपये का कपड़ा और सजावटी सामान जल कर राख हो गया। गनीमत रही कि इस आगजनी के दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़-अंबाला हाईवे से बलटाना पुलिस चौकी की ओर जाती सड़क पर दुकानदार रविंदर कुमार ने टेंट लगाकर दिवाली का सामान बेचने के लिए स्टाल लगाया हुआ था। स्टाल में कपड़े और सजावटी सामान रखा हुआ था। रविवार तड़के पांच बजे रविंदर को किसी ने फोन पर सूचना दी कि उनके स्टाल से धुआं निकल रहा है। इसके बाद जब वह मौके पर पहुंचा तो तब तक आग भड़क चुकी थी। उसने तुरंत फायर ब्रिगेड़ को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब 8 बजे तक आग पर काबू पाया। लेकिन आग से स्टाल में रखा पूरा सामान जल गया था।
दुकानदार रविंद्र कुमार ने बताया कि स्टाल को लगी आग में उसका लाखों रुपये का सामान जल गया है। फायर ब्रिगेड से अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में आग बिजली के शार्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि आग इतनी भयानक थी कि टेंट के लोहे के पाइप भी मुड़ गए।