मोहाली। गमाडा की ओर से बसाई जा रही एरोट्रोपोलिस सिटी के लिए एक्वायर की गई जमीनों के मालिको और प्रॉपर्टी डीलर सोमवार को संघर्ष की राह पर आ गए। उन्होंने फेज-आठ स्थित पुडा भवन के बाहर रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने कैबिनेट मंत्री सुख सरकारिया से मुलाकात कर सारा मामला उनके सामने रखा। मंत्री ने सारा मामला एक दिसंबर से पहले हल करने का भरोसा दिया। उम्मीद है कि इससे लोगों का फायदा होगा।
इस मौके पर मोहाली प्रॉपर्टी कंसल्टेंट एसोसिएशन के प्रधान हरप्रीत सिंह डडवाल ने बताया कि गमाडा एयरोसिटी के बाद एरोट्रोपोलिस सिटी बसा रहा है। जिसके लिए लैंड पूलिंग स्कीम के तहत जमीन एक्वायर की जा रही है। उन्होंने बताया कि गमाडा की तरफ से जमीन एक्वायर करने संबंधी नोटिस के बाद भी कुछ लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार जमीन बेची है। जिसकी बाकायदा रजिस्ट्री तक हुई है। अब गमाडा की तरफ से जमीन एक्वायर कर ली गई है। वहीं, जमीन मालिकों को लेटर ऑफ इंटेंट एलओआई जारी करने के समय उनकी एलओआई जारी करने पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि यदि गमाडा की तरफ से ऐसा कोई एतराज लगाया जाना था तो फिर गमाडा की तरफ से जमीन एक्वायर ही नहीं की जानी चाहिए थी।
वहीं, अब जमीन एक्वायर कर ली गई है, ऐसे में एलओआई जारी कर जमीन मालिकों के साथ सीधा धक्का है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गमाडा की तरफ से एलओआई जारी न किए जाने से जमीन मालिकों व खरीदारों में झगड़े हो रहे हैं। वहीं, जो सौदे प्रॉपर्टी सलाहकारों ने करवाए हैं, उन्हें भी मुश्किल उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भले ही यह मामला जिम्मीदारों का है। लेकिन एमपीसीए इस मामले में जिम्मीदारों के साथ खड़ी है। उन्होंने मांग की है कि एलओआई तुरंत जारी किए जाएं। इस मौके पर संघर्ष कर रहे किसानों ने बताया कि गमाडा की तरफ से उक्त मामले को अदालत में लेकर जाने की तैयारी की जा रही है। जिससे यह मामला और लटक सकता है। लोगों ने मांग की है कि उक्त मामले को तुरंत हल किया जाएग। इस मौके पर हरजिंदर सिंह, आईडी सिंह, सुरिंदर सिंह आदि किसान मौजूद थे।