जीरकपुर। इनॉक्स ढिल्लों प्लाजा में रविवार को भी अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी का किसानों ने विरोध किया। उन्होंने सड़क जाम कर दी। इसके बाद पुलिस ने दखल देकर शो बंद कराया और जाम खुलवाया।
किसान लगातार अक्षय कुमार की फिल्म का विरोध कर रहे हैं। शनिवार को भी इनॉक्स ढिल्लों प्लाजा में किसानों ने प्रदर्शन किया था। पुलिस की दखलंदाजी के बाद प्रबंधकों ने रविवार के शो रद्द करने की बात कही थी। किसानों की चेतावनी को प्रबंधकों ने हल्के में लिया और रविवार को फिल्म के शो चला दिए। जैसे ही किसानों को इसकी भनक लगी वह सिनेमा हाल बंद करवाने पहुंच गए। कुछ ही देर में पुलिस भी वहां पहुंच गई। एक घंटे तक प्रदर्शन के बावजूद जब प्रबंधकों ने टिकट बिक्री बंद नहीं की तो किसानों ने सड़क जाम करने की चेतावनी दी। मौके पर पहुंचे डीएसपी हरजिंदर सिंह गिल ने समझाया लेकिन गुस्साए किसानों ने छत लाइट प्वाइंट से आने वाली 200 फुटी सड़क से मैकडी चौक पर चढ़ने वाली रोड जाम कर दी। पांच सात मिनट में ही वहां लंबा जाम लग गया। फौरन पुलिस अधिकारियों ने सिनेमा प्रबंधकों से बात कर टिकटों की ऑनलाइन बिक्री और शो रुकवा दिया। तसल्ली हो जाने के बाद किसानों ने जाम खोल दिया, लेकिन वे फिल्म के पोस्टर हटाने की मांग पर अड़े रहे। किसान समर्थकों में हरदीप सिंह जीरकपुर प्रधान, तरलोचन सिंह पभात गांव प्रधान, रुस्तम अली, कर्म सिंह प्रधान, सुखचैन सिंह, प्रदीप सिंह, अमर सिंह, सतनाम सिंह मौजूद थे।