लालड़ू। थाना हंडेसरा के तहत गांव नगला निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस शिकायत दी है कि किसी अज्ञात ने उसे फोन करके धमकी दी है कि तुम्हारे परिवार को मारने के लिए उसे दो लाख की फिरौती मिली है। उसने एक लाख रुपये ले लिए हैं और बाकी एक लाख परिवार को मारने के बाद लेने हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जिस मोबाइल नंबर से कॉल आई थी उसकी लोकेशन जानने के लिए ट्रेसिंग पर लगा दिया है।
पुलिस थाना हंडेसरा के एएसआई जतिंदर पाल सिंह ने बताया कि कुशल पाल पुत्र राम सिंह निवासी नगला ने शिकायत में कहा है कि 5 मई को उनके घर पर एक मोबाइल नंबर से किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। उसने कहा कि तुम्हारे परिवार को मारने के लिए दो लाख रुपये की फिरौती मिली है और एक लाख रुपये पहले ले लिए हैं और एक लाख परिवार को मारने के बाद लेने हैं।
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता चार भाई हैं। इनमें तीन भाई गांव नगला में रहते हैं और एक भाई दिल्ली में रहता है। उसकी कुछ समय पहले मौत हो गई थी और परिवार में प्रॉपर्टी के बंटवारे को लेकर कुछ समय पहले विवाद हुआ था। इसके बाद समझौता भी हो गया था। इसको लेकर भी शक जताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी के बंटवारे को लेकर यह धमकी किसी नजदीकी की ओर से दिलाई गई हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।