जीरकपुर। नलोगों के पैसों को दोगुणा करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर एक कार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500-500 के बनाए नोटों के 20 बंडल बरामद करके कार्रवाई शुरू कर दी है। इसमें शातिर ने बंडल के ऊपर और नीचे 500 रुपये का नोट लगा रखा था जबकि बाकी कागज की पर्चियां इस तरह लगाई थी कि हर बंडल 50 हजार रुपए का लगे। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरियाणा के जिला कैथल के रहने वाले अनिल कुमार के रूप में हुई है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करने के साथ बताया कि इस साजिश में एक साथी काला भी शामिल था, जो पिछले चौक पर उतरकर मौके से फरार हो गया।
जांच अधिकारी एएसआई बूटा सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली अर्टिगा कार में दो नौजवान लोगों को उनके पैसे दोगुणा करने का लालच देकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और दोनों आरोपी वीरवार को जीरकपुर में किसी के साथ डील को अंजाम देने पहुंच रहे। सूचना पर टीम का गठन करके हाईवे पर स्थित होटल मेरीलेंड के सामने वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी अनिल अर्टिगा कार में आया। उसे रोककर अधिकारियों ने उसकी कार की अंदर से तलाशी ली तो कार से 500-500 के नोटों के बीस बंडल बरामद हुए।