मोहाली। फेज-8 स्थित शिक्षा विभाग के बाहर सर्व शिक्षा अभियान मिड-डे मील के कर्मचारियों की ओर से पिछले 31 दिनों से मोहाली शहर में रोष प्रदर्शन किया जा रहा है। अपनी मांगों को मनवाने के लिए कर्मचारियों की ओर से अनोखे ढंग से प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। ऐसे में वीरवार को वाईपीएस चौक पर खड़े होकर कर्मचारियों की ओर से मुंह पर काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया।
पिछले एक महीने से अपनी मांगों को लेकर पंजाब सर्व शिक्षा अभियान मीड-डे मील नॉन टीचिंग स्टाफ पक्के होने के मांग को लेकर मोर्चा लगाए हुए हैं। ऐसे में इन सभी कर्मचारियों की ओर से शहर में धरना देते हुए, आए दिन एक नए ढंग से रोष प्रदर्शन किया जा रहा है। इन कर्मचारियों की ओर से विधानसभा चुनाव-2022 को सामने रखते हुए, आम लोगों को कांग्रेस सरकार के असली रूप को अपने प्रदर्शन के जरिए सामने ला रहे हैं। साथ ही वीरवार को कर्मचारियों की ओर से सरकार को जगाने के लिए मुंह पर काली पट्टी बांधकर गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन किया गया। कर्मचारियों ने शिक्षा विभाग कार्यालय से वाईपीएस चौक तक मार्च निकाला और चौक के आसपास विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर कर्मचारियों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वे सरकार को अलग-अलग तरीकों से अपनी आवाज सुनने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
इस मौके पर कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 31 दिनों से हमारा स्थायी धरना जारी है। अंतिम निर्णय पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से लिया जाएगा और विभागों को निर्देश दिए जाएंगे। लेकिन 25 दिन बाद भी कर्मचारियों के हाथ खाली हैं। सर्व शिक्षा अभियान/मिड डे मील ऑफिस वर्कर्स यूनियन पंजाब के कर्मचारियों की ओर से प्रदर्शन जारी रखा जाएगा और तरह कांग्रेस सरकार के झूठे बयानों को बेनकाब किया जाता रहेगा।