मोहाली। सेक्टर-110 टीडीआई सिटी में वीरवार-शुक्रवार रात हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहिल वर्मा मूल निवासी कुराली व हाल निवासी एसबी होम सेक्टर-117 के रूप में हुई है। आरोपी पेशे से जिम ट्रेनर है। पुलिस ने फायरिंग में प्रयोग किया लाइसेंसी हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है और मामले की जांच चल रही है।
सोहाना पुलिस को सूचना मिली थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने टीडीई सिटी-110 स्थित एक्मे फ्लोर में हवाई फायर किया। सूचना मिलने के बाद सोहाना थाने की पुलिस करीब 150 मुलाजिमों के साथ शुक्रवार सुबह छह बजे पहुंच गई। टीम में एआरपी की दो कंपनियां भी थीं। इस मुहिम की अगुवाई सुखजीत सिंह कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने पहले आरोपी को दबोच लिया। जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह अपने चाचा के फ्लैट में रहता है। वह टीडीआई सिटी में घूमने आया था। इस दौरान उसने शौक से अपने लाइसेंसी हथियार के साथ हवाई फायर किया। किसी का कोई नुकसान नहीं हआ। पुलिस ने तुरंत इसकी गिरफ्तारी डालकर आरोपी को अदालत में पेश किया।
तीन मकान मालिकों पर केस दर्ज
सोहाना थाना प्रभारी गुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को लगातार टीडीआई सिटी में हुड़दंग संबंधी शिकायतें मिल रही थीं। एसएसपी विवेकशील सोनी ने आदेश दिया था कि सोसायटी में गहन जांच की जाए। इस दौरान जांच में आया कि कुछ किराएदार काफी समय बिना सत्यापन के वहां पर रह रहे थे। इसके बाद तीन मकान मालिकों पर 188 का पर्चा दर्ज किया क्योंकि उक्त लोगों ने दो सालों से अपने किराएदारों का सत्यापन नहीं करवाया था।
200 को नोटिस, तीन मोटरसाइकिल भी जब्त
जांच में 200 के करीब मकान या फ्लैट मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं जो कुछ समय से बिना सत्यापन के रह रहे थे। तीन मोटरसाइकिल बिना दस्तावेजों से मिलीं जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। एक फार्च्यूनर कार का चालान किया गया। पुलिस का कहना है कि यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।