शहर के कई सरकारी संस्थान व बड़ी हस्तियां बिजली बिल नहीं भरकर लाखों रुपये बिजली विभाग के दबाए बैठे हैं। इसमें पुलिस थानों से लेकर कई नामी संस्थान हैं। विभाग ने ऐसे लोगों को डिफाल्टर घोषित कर दिया है। साथ ही उन्हें बिल भरने के लिए आखिरी वार्निंग नोटिस जारी कर दी है। वहीं, विभाग ने साफ कर दिया है कि इन लोगों ने जल्द बिलों का भुगतान नहीं किया तो विभाग सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, बिजली विभाग ने एक लिस्ट तैयार की है, जिसके मुताबिक हॉकी स्टेडियम का चार लाख 33 हजार 374 रुपये का बिल है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8 एसएचओ का 11 लाख 22 हजार, वाटर सप्लाई व सेनिटेशन विभाग फेज-10 का 71 हजार 285, सिंडीकेट बैंक फेज-1 की 37913 रुपये, बंबे सर्कस के आरपी शर्मा का 18271, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-नौ स्थित एमसी के ट्यूबवेल का 20203, सोशल प्रमोटर कंपनी के फेज-2 मार्केट के नजदीक फ्रैंको लाइट प्वाइंट पर लगाए गए यूनिपोल का 36130 का बिल बकाया है। इसी तरह सरकारी प्राइमरी स्कूल सेक्टर-60 का 66336 और वाटर वर्क्स बलौंगी के चेयरमैन का 17 लख 4 हजार रुपये का बिल बकाया है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों को डिफाल्टर घोषित किया गया है। उनके जल्द ही बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।