600 फ्लैट में रहने वाले लोग परेशान, टैंकर से हो रही पानी की सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। मुबारिकपुर रोड पर स्थित सिल्वर सिटी सोसाइटी में पेयजल की सप्लाई बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि साल का पहला दिन परेशानी भरा साबित हो रहा है। पूरी सोसाइटी में एक ही ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई होती है, जो खराब होने के कारण बंद हो गई है। आरडब्ल्यूए ने मोटर बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी थी।
सोसाइटी के लोगों ने बताया कि सोमवार को सुबह घरों में पानी की सप्लाई न होने के कारण काम बंद हो गया। पता चला कि रात में ट्यूबवेल की मोटर खराब होने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। करीब 900 फ्लैट्स में से 600 फ्लैट्स में लोग रहते हैं। पानी सप्लाई बंद होने से पूरी सोसाइटी में हाहाकार मच गया। दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों की समस्या को देखते हुए पानी की सप्लाई के लिए आरडब्ल्यूए से पानी के टैंकर मंगवाए गए, लेकिन उनके लिए लोगों को पानी भरने के लिए लंबी लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ता था। सोसायटी के लोगों ने बताया कि ऊपरी मंजिल पर बने फ्लैटों में रहने वाले लोगों को टैंकर से पानी भरने में ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने कहा कि बिल्डर ने इतनी बड़ी सोसाइटी में केवल एक ही ट्यूबवेल लगाया है, जिसकी मरम्मत की जा रही है, जब ऐसी समस्या आती है तो पूरी सोसायटी में पीने के पानी की दिक्कत आ जाती है। मोटर खराब होने से जलापूर्ति बंद होने की समस्या पहले भी आ चुकी है।
मोटर खराब होने से यह समस्या हुई
आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष प्रवीण सूरी ने बताया कि अचानक मोटर खराब होने से यह समस्या हुई। सुबह होते ही मोटर की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुरानी आरडब्ल्यूए से जुड़े कुछ शरारती तत्व परेशानी पैदा कर रहे हैं। कुछ समय पहले ही उन्हें आरडब्ल्यूए के अधिकार के तहत चार्ज मिला है। आने वाले समय में ऐसी व्यवस्था की जाएगी ताकि ऐसी समस्या होने पर लोगों को परेशानी न उठानी पड़े। आज भी आरडब्ल्यूए की ओर से टैंकर मंगवा सोसायटी में पानी की सप्लाई की जा रही हैं।