जीरकपुर। इलाके में एक ढोंगी बाबा ने एक व्यक्ति को उसकी सास की बीमारी जादू टोने से ठीक करने के नाम पर 10 लाख रुपये नकद व 10 तोले सोना ठग लिया। जीरकपुर पुलिस ने शिकायत पर ढोंगी बाबा व उसके चेले के खिलाफ 10 लाख कैश व 10 तोले सोना ठगने के आरोप में केस दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता स्लामुदीन निवासी सरस्वती विहार अपनी बीमार सास का इलाज जादू टोने से करवाने के लिए बाबा से मिला था। इसके बाद बाबा उसे अपना शिकार बनाकर उससे 10 लाख रुपये नकद और 10 तोले सोना ठग कर फरार हो गया है। जीरकपुर पुलिस ने फरार ढोंगी बाबा व उसके साथी के खिलाफ 406, 420 आईपीसी एक्ट व 05 ड्रग एंड मैजिक रेमडिस एक्ट 1954 के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता स्लामुदीन निवासी सरस्वती विहार ने बताया कि उनकी सास कई महीनों से बीमार चल रही थी। एक ढोंगी बाबा मुझे मिला था, जिनको मैंने सास के बीमार होने की बात बताई तो उन्होंने कहा कि वह उसकी सास को जादू टोने से ठीक कर देंगे। इसके बाद वह मुझसे अलग-अलग टाइम पर कुल 10 लाख रुपये और 10 तोले सोना लेकर अपने किराए के कमरे से फरार हो गए हैं। इसकी शिकायत थाना जीरकपुर को दी तो पुलिस ने बाबा साकिब और उसके साथी दिलशाद के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि उक्त ढोंगी बाबा पभात रोड पर स्थित सोनू स्वीट्स के नजदीक किराए पर रहते थे, जो अभी फरार चल रहे हैं।