मोहाली। वीआईपी जिले में लगातार बढ़ रही डेंगू के मरीजों की संख्या और इससे हो रही मौतों ने सरकार की नींद उड़ा दी है। बुधवार को राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं सेहत मंत्री ओपी सोनी खुद फेज-6 स्थित जिला सिविल अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने डेंगू वार्ड में पहुंचकर मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात कर उनकी मुश्किलों को जाना। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी है कि इमरजेंसी वार्ड में बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए डाक्टरों और नर्सों की संख्या बढ़ाई जाए। सफाई व्यवस्था को यकीनी बनाया जाएगा। उन्होंने सेहत विभाग के तमाम स्टाफ को हिदायत दी है कि किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोरोना नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुुताबिक जिले में डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक जिले में 2276 मरीज आ चुके हैं। ऐेसे में सेहत विभाग और सरकार की चिंता बढ़ी हुई है। इस बीमारी से निपटने के लिए सेहत विभाग ने अपनी ताकत झोंकी हुई है। वहीं, हालात का जायजा लेने उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी फेज-6 जिला सिविल अस्पताल में पहुंचे। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर की ओर से बताया गया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डेंगू वार्ड को पहले के 50 से बढ़ाकर 70 बिस्तरों का कर दिया गया था। इसके बाद अब इसे 80 बेड का कर दिया गया है। सभी मरीजों का अस्पताल में इलाज मुफ्त किया जा रहा है। साथ ही मच्छरदानी वाले बेडों की संख्या भी बढ़ा दी गई है।
मंत्री ओपी सोनी ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था को यकीनी बनाने के निर्देेश दिए। इस दौरान सेहत मंत्री ने दवाइयों के स्टाक रूम का भी दौरा किया और यहां मौजूद दवाइयों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह डेंगू बुखार से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें और अपने घर के आसपास के इलाके में सफाई रखें। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर और सेहत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।