मोहाली में आठ जुलाई को हुई तेज बारिश में कार समेत तीन युवक बह गए थे। इनमें से दो युवकों के शव मंगलवार को मिल गए थे। वहीं तीसरे युवक की तलाश जारी थी लेकिन पुलिस को उसका शव नहीं मिला। मंगलवार को अंधेरा होने के बाद तलाश रोक दी गई थी। बुधवार सुबह होते ही परिजन और प्रशासन दोबारा तलाश में जुट गए थे।
यह भी पढ़ें: भगवंत मान ने दिया आश्वासन: पंजाब के डैम पूरी तरह सुरक्षित, खतरे के निशान से नीचे, शाम तक सुधरेंगे हालात
बुधवार सुबह से परिवार के सदस्य गोपी के दोस्तों और गांववासियों के सहयोग से उसे ढूंढ रहे थे। दोपहर करीब पौने तीन बजे परिवार वालों को गुरप्रीत सिंह गोपी का शव ठसका गांव से मिल गया। गोपी हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का रहने वाला था। वह अपने दो दोस्त हरप्रीत सिंह और हरमीत सिंह रिंपी के साथ मुल्लांपुर के एक फार्म हाऊस में जन्मदिन मनाकर लौट रहा था। उस दिन बारिश के पानी का बहाव तेज होने के कारण तीनों दोस्त गाड़ी समेत पाटियाला की राव नदी में बह गए थे।
आईफोन की लोकेशन की मदद से ढूंढ रहा था परिवार
परिवार के सदस्यों ने बताया कि तीनों युवकों के लापता होने के बाद उन्हें ढूंढना शुरू किया तो आईफोन की लास्ट लोकेशन तोगा के पास की आई। इसके बाद वे उसे दो दिन से वहां ढूंढ रहे थे। इस संबंधी घड़ूआं पुलिस को शिकायत भी दी थी। वहीं मंगलवार को पानी कम होते ही लोगों ने नदी में कार देखकर पुलिस को बताया तो पुलिस ने कार नंबर के आधार पर हमें सूचित किया। इसके बाद वह उनके सही-सलामत लौटने की प्रार्थना कर रहे थे लेकिन मंगलवार को दो युवकों की लाशें मिलीं।