पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा मार्च में आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की टर्म दो की परीक्षा में जो विद्यार्थी अपीयर नहीं हुए थे, उनके लिए बोर्ड द्वारा जुलाई में परीक्षा आयोजित की जाएगी। शुक्रवार को परीक्षा संबंधी डेटशीट जारी कर दी गई है। परीक्षा कंट्रोलर जनक राज महरोक ने इस संबंधी पुष्टि की।
उन्होंने कहा कि परीक्षा एक जुलाई से 13 जुलाई तक करवाई जाएगी। मात्र तीन जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा संबंधी सारी जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर अलपोड कर दी गई है। पीएसईबी से मिली जानकारी के मुताबिक परीक्षा के लिए राज्य में तीन जिलों मोहाली, जालंधर और बठिंडा में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए। बठिंडा में स्थापित केंद्र में बठिंडा, संगरूर, बरनाला, मलेरकोटला, मानसा, श्री मुक्तसर साहिब, फरीदकोट, फाजिल्का, फिरोजपुर जिलों से संबंधित विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
जालंधर में कपूरथला, अमृतसर, तरनतारन, होशियापुर, गुरदासपुर, पठानकोट, मोगा, लुधियाना जिले के विद्यार्थी अपीयर होंगे। मोहाली में रोपड़, शहीद भगत सिंह नगर, फतेहगढ़ साहिब व पटियाला से संबंधित विद्यार्थी परीक्षा दे पाएंगे। परीक्ष केंद्र तक विद्यार्थियों को पहुंचने में दिक्कत न आए। ऐसे में परीक्षा शुरू होने का समय सुबह 11 बजे रहेगा। डेटशीट व परीक्षा संबंधी सारी जानकारी बोर्ड की वेबसाइट
www.pseb.ac.in पर उपलब्ध रहेगी।