मोहाली। जिला प्रशासन को चप्पड़चिड़ी स्थित फतेह मीनार की याद आ ही गई। प्रशासन ने अब मीनार के अंदरूनी और बाहरी एरिया के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई है। वहां पर लोगों की सुविधा के लिए साइन बोर्ड, आकर्षक लाइटिंग से लेकर खस्ता हाल चल रही सड़कों की मरम्मत करने का फैसला लिया है। वहीं, उक्त एरिया को लावारिस पशुओं से मुक्त बनाया जाएगा।
वीरवार को डीसी अमित तलवार ने इसी मामले को लेकर अधिकारियों से बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को साफ किया है कि इस मीनार से शहर की पहचान है। ऐसे में इससे जुड़े किसी भी काम से समझौता नहीं किया जा सकता है। बैठक में फतेह मीनार की देखरेख पंद्रह साल के लिए संभाल रही कंपनी फतेह हैरिटेज लिमिटेड के अधिकारी भी मौजूद थे। कंपनी के प्रबंधकों को भरोसा दिलाया कि मेमोरियल के इर्द-गिर्द साइन बोर्ड, स्ट्रीट लाइट व सड़कों की मरम्मत का काम जल्दी ही गमाडा की तरफ से करवा दिया जाएगा। इसके अलावा जिला पुलिस प्रशासन की तरफ से इस मेमोरियल को लिंक करती सड़कों की आवाजाही को निरंतर गश्त करके नियंत्रित किया जाएगा। जिला विकास अफसर को लावारिस पशुओं की समस्या हल करने, गांवों के पंच-सरपंचों को फतेह मीनार के बारे में जागरूक करने के आदेश दिए हैं। बैठक में पुलिस प्रशासन के अलावा अतिरिक्ति डिप्टी कमिश्नर अमनिंदर कौर बराड़ समेत कई अधिकारी हाजिर थे।
बच्चों के शैक्षणिक टूर जाएंगे चप्पड़चिड़ी
आने वाले समय में अब निजी और सरकारी स्कूलों के बच्चे शैक्षणिक टूर पर चप्पड़चिड़ी जाएंगे। डीसी ने डीईओ को इस संबंधी आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में स्कूलों को कहा जाए। साथ ही बच्चों व युवाओं को इस स्थान के महत्व के बारे में बताया जाए। डीसी ने जिलावासियों को अपील की है कि परिवार समेत बाबा बंदा सिंह बहादुर मेमोरियल में आएं।