शहर में मंगलवार को एक बार फिर स्नैचरों ने दहशत मचाई। स्नैचर एक नामी प्राइवेट स्कूल की अध्यापिका के गले से सोने की चेन झपटकर ले गए। यह वारदात उस समय हुई, जब वह घर से स्कूल के लिए निकली थी। टीचर ने इस संबंधी पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फेज-3 निवासी हरप्रीत कौर ने बताया कि वह मोहाली के एक स्कूल में टीचर हैं। सुबह आठ बजे वह स्कूल के लिए घर से निकली थीं। जब वह एक्टिवा स्टार्ट करने लगी तो एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर अज्ञात युवक आए। कुछ पूछने के बहाने एक युवक मोटरसाइकिल से उतरकर उनके पास आया।
जब वह उसकी बात सुनने लगीं तो इसी दौरान उनके गले से सोने की चेन झपटकर भाग गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस संबंधी पुलिस को सूचना दे दी है। जिक्रयोग है कि शहर में रोजाना चेन स्नैचिंग की वारदात हो रही है। इससे पहले फेज-7 में घर के बाहर सफाई करती महिला से स्नैचिंग हुई थी। इसके बाद फेज-3 में एक व्यक्ति से स्नैचिंग हुई। इसी तरह खरड़ में बुजुर्ग महिला से स्नैचिंग का मामला सामने आया था।