मटौर थाने की पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया
आरोपी के लैपटॉप से बरामद हुआ फर्जी आईकार्ड, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। मटौर थाने की पुलिस ने उस शातिर आरोपी को काबू कर लिया है जो कई सालों तक पहले युवती से दुष्कर्म करता रहा और बाद में युवती पर ही उसे सीबीआई अफसर बनकर ब्लैकमेल करने का केस दर्ज करवा दिया। हालांकि बाद में लड़की ने पुलिस की शिकायत पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया था। आरोपी की पहचान रमनदीप सिंह के रूप में हुई है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, युवक से की गई पूछताछ में उस से दो लैपटॉप बरामद होने का पता चला है। वहीं, युवक के लैपटॉप में से वह सीबीआई का जाली आई-कार्ड भी मिल गया है। जिस आई-कार्ड को आधार बना कर युवक ने अपने महिला दोस्त के खिलाफ मटौर थाने में ही झूठा केस दर्ज करवा दिया था।
मटौर थाने के एसएचओ जतिन्द्रपाल सिंह ने बताया कि युवक को दुष्कर्म के केस में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके द्वारा अपनी महिला दोस्त के खिलाफ दर्ज करवाए गए केस की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जिक्रयोग है जिला बरनाला निवासी रमनदीप सिंह ने बीते दिन मटौर पुलिस को शिकायत दी थी कि एक लड़की उसे सीबीआई का फर्जी आई-कार्ड दिखा कर ब्लैकमेलिंग कर रही है। लड़के ने जाली आई-कार्ड भी पुलिस को दिखाया। पुलिस ने उस आई-कार्ड को आधार बना कर लड़की के खिलाफ आईपीसी की धारा 475, 465, 471, 406, 420, 384 के तहत केस दर्ज कर लिया था। जब पुलिस द्वारा जांच की गई तो लड़की पर लगे आरोप साबित ही नहीं हो सके। इसी दौरान लड़की ने पुलिस को शिकायत दी कि रमनदीप सिंह उसके साथ पिछले चार वर्षों से लगातार दुष्कर्म करता आ रहा था। दुष्कर्म केस में फंसने से बचाव करने के लिए रमनदीप सिंह ने उसे झूठे केस में फंसा दिया। पुलिस ने रमनदीप सिंह खिलाफ धारा 386 तहत केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।