ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई पीसीआर, दो पुलिसकर्मी जख्मी
पटियाला रोड पर ट्रैक्टर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ हादसा
हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। जीरकपुर-पटियाला सड़क पर गांव रामपुर के नजदीक ट्रैक्टर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही पीसीआर ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में पीसीआर में सवार दो पुलिसकर्मी गंभीर जख्मी हो गए। घायल कर्मियों को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर आरोपी टैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीसीआर चालक हवलदार लखविंदर सिंह निवासी त्रिपड़ी टाऊन पटियाला ने बताया कि वह छत ट्रैफिक लाइट प्वाइंट पर पीसीआर गाड़ी समेत ड्यूटी पर तैनात थे। किसी राहगीर ने उन्हें सूचना दी कि गांव रामपुर के नजदीक एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। उन्होंने बताया कि जब वह साथी हवलदार जसविंदर सिंह के साथ उक्त व्यक्ति की तलाश करने जा रहे थे, इस दौरान प्रीत ढाबे के नजदीक आगे जा रहे ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक मार दी। इस कारण वह गाड़ी को काबू नहीं कर सके और पीसीआर ट्रॉली से टकरा गई। इस दौरान हवलदार जसविंदर सिंह को काफी चोटें आईं व उसकी टांग भी टूट गई, जबकि लखविंदर सिंह का गाड़ी का एअर बैग खुलने के कारण बचाव हो गया। इस हादसे में पीसीआर गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।