प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पर हमला, बरसाईं गोलियां
माजरी चौक स्थित प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली।
ब्लाक माजरी चौक स्थित प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने के बाद उक्त लोगों ने गोलियां चला दीं। इस मामले में पुलिस ने नामजद एवं अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हमले के संबंध में पुलिस के पास दर्ज कराए बयान में हरजीत सिंह ने बताया कि वह दफ्तर में बैठे थे। अचानक कई गाड़ियों में सवार होकर आए लोगों ने दफ्तर पर हमला कर दिया। हरजीत सिंह ने कहा कि हथियारों से लैस हमलावरों ने पहले दफ्तर के बाहर खड़ी उनकी बोलेरो में तोड़फोड़ की। इसके बाद दफ्तर के शीशे तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने गोलियां चला दीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों के दफ्तर में आने के बाद उन्होंने पीछे के दरवाजे से भाग गए। हरजीत सिंह ने बताया कि उनकी किसी के साथ रंजिश नहीं है।
इस संबंध में माजरी पुलिस एसएचओ जगदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच करने के बाद पुलिस ने हरजीत सिंह के बयान पर तरलोचन सिंह, करनवीर सिंह और पवित्तर सिंह के अलावा कई अज्ञात लोगों के खिलाफ इरादा कत्ल सहित कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमलावरों को काबू करने के लिए छापेमारी की जा रही है।